सागर। संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महामुनिराज के पचासवें दीक्षा दिवस को पूरे देश में संयम स्वर्ण महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। वर्ष भर अनेकों कार्यक्रम सागर नगर व जिले में आयोजित किए जाएंगे। मुनि सेवा समिति के सदस्य मुकेश जैन ढाना ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का पचासवां दीक्षा दिवस 28 जून 2017 से शुरू होकर 17 जुलाई 2018 तक चलेगा। इस संदर्भ में सागर जैन समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और समाजसेवियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शहर में चार स्थानों पर कीर्ति स्तंभ स्थापित किए जाएगें। 1 जुलाई 2017 को डॉक्टर्स डे पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। साथ ही डॉक्टरों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। 9 जुलाई 2017 गुरू पूर्णिमा को आचार्य श्री की सामूहिक महापूजन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 15 अगस्त 2017 राष्ट्रीय महापर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर मिष्ठान्न वितरण एवं रात्रि में देशभक्ति पर आयोजित कार्यक्रम 'एक शाम राष्ट्र के नाम' का आयोजन किया जाएगा। 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर सौ शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। क्षमावाणी पर्व का आयोजन सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा किया जाएगा। 2 अक्टूबर 2017 गांधी जयंती के अवसर पर विश्व अहिंसा दिवस के रूप में कवि सम्मेलन एवं अन्य कार्यक्रम होंगे। 5 अक्टूबर 2017 शरद पूर्णिमा को आचार्य श्री के जन्मदिवस पर आत्मान्वेषी नाटिका 'विद्याद्यर से विद्यासागर तक' का मंचन नमकमंडी में होगा। 9 नवंबर 2017 को आचार्य विद्यासागर जी महाराज का आचार्य पदारोहण दिवस मनाया जाएगा। 13 दिसंबर को श्री 1008 पाश्र्वनाथ भगवान की जयंती पर गरीबों को वस्त्र वितरण एवं शोभायात्रा का आयोजन होगा। 26 जनवरी 2018 राष्ट्रीय महापर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर ह्रदय रोग और डायविटीज चिकित्सा का विशाल शिविर लगाया जाएगा। रात्रि में भजन संध्या का आयोजन होगा।
फरवरी 2018 माह में आचार्य ज्ञानसागर महाराज का आचार्य पदारोहण दिवस, मार्च माह में आदिनाथ जयंती, अप्रैल माह में आचार्य ज्ञानसागर महाराज का मुनि दीक्षा समारोह एवं भगवान महावीर स्वामी का जन्म जयंती समारोह, मई माह में आचार्य ज्ञानसागर महाराज का समाधि दिवस, 17 जुलाई 2018 को आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के 50 वें दीक्षा दिवस पर ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयेाजन सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा किया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि समाज के वृद्धों का सम्मान समारोह सभी समाजों के अध्यक्षों एवं प्रमुख लोगों के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
शहर में वर्ष भर होर्डिंग आदि लगाए जाएंगे। जिसमें आचार्य श्री के जीवन वृत्त पर कई जानकारियां होंगी, जो जन-जन तक पहुंचाई जाएंगी। हर सप्ताह समाज के प्रमुख लोगों की बैठक होगी और अन्य कार्यक्रमों को भी आयोजित किया जाएगा। बैठक में प्रमुख रूप से देवेन्द्र जैना स्टील, राजा भैया जैन, अनिल जैन नैनधरा, प्रेमचंद उपकार, सुरेन्द्र मालथौन, आनंद स्टील, सुरेन्द्र जैन सट्टू, मुकेश जैन ढाना, ऋषभ बांदरी, राजेश जैन रोडलाईन्स, शैलेन्द्र जैन शालू, सौरभ जैन खमकुआ, प्रदीप जैन पडा, वीरेन्द्र मालथौन, विनीत मोदी, ऋतुराज जैन, ऋषभ गढाकोटा, संजय टडा, मनोज जैन लालो, अजित जैन नीटू, अनूप जैन, अशोक वर्धमान आदि सहित समाज के लोग उपस्थित थे।
सूचनाप्रदाता: राजेश जैन रोडलाईन्स