डोंगरगढ़ में आज से संयम स्वर्ण महोत्सव शुरू

चंद्रगिरी डोंगरगढ़ आयोजन | डोंगरगढ़ में आज से संयम स्वर्ण महोत्सव, तीन दिन तक चलने वाले समारोह में देशभर से जुटेंगे लाखों श्रद्धालु, प. पू आचार्य श्री विद्यासागर महाराज जी की दीक्षा के 49 वर्ष पूरे और इसी के 50वां वर्ष प्रारंभ हुआ 

चंद्रगिरी जैन तीर्थ क्षेत्र डोंगरगढ़ में तीन दिवसीय श्री संयम स्वर्ण महोत्सव की शुरुआत बुधवार को होगी। दिगंबर जैनाचार्य विद्यासागर महाराज की दीक्षा के 49 वर्ष पूरे होने पर एवं 50वां वर्ष प्रारंभ होने पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन सीएम डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी मुख्य अतिथि होंगे। सुबह साढ़े पांच बजे कार्यक्रम शुरू होगा। आचार्य श्री का वंदन व पूजन के साथ ही प्रवचन सुबह 9 बजे होगा। शाम सवा तीन बजे सीएम और केंद्रीय मंत्री भी आयोजन स्थल पर अपनी बातें कहेंगे। मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी गई। दिगंबर जैन चंद्रगिरी तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट संयम स्वर्ण महोत्सव समिति के सुरेंद्र पाटनी और अरविंद जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 1 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। तीनदिवसीय आयोजन की जिम्मेदारी ट्रस्ट के अलावा डोंगरगढ़ एवं राष्ट्रीय संयम स्वर्ण महोत्सव समिति के हाथों में है। पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत, भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय सहित विभिन्न नेता महोत्सव में शामिल होंगे। 
दूसरे दिन एमपी के सीएम आैर समापन पर राज्यपाल होंगे शामिल: गुरुवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां मुख्य अतिथि होंगे। सुबह नौ बजे एवं शाम सवा चार बजे आचार्यश्री का अमृत वचन होगा। शाम साढ़े पांच बजे आचार्य भक्ति होगी। इसके बाद शाम छह बजे संगीतमय आरती एवं सात बजे विद्वतजनों का प्रवचन होगा। कार्यक्रम में एमपी के वित्त मंत्री जयंत मलैया के साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल एवं सांसद अभिषेक सिंह भी शामिल होंगेे। शुक्रवार को महोत्सव का अंतिम दिन होगा। इसमें राज्यपाल बलरामजी दास टंडन के अलावा उद्योग मंत्री अमर अग्रवाल, पूर्व सीएम अजीत जोगी, पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव शामिल होंगे। 
करोड़ों रुपए की लागत से सोने व चांदी से बना स्वर्ण रथ मंगलवार को डोंगरगढ़ के चंद्रगिरी पहुंचा। अजमेर के श्रावक राजेंद्र कुमार व अजय कुमार दनगसिया ने सोने व चांदी से निर्मित यह रथ बनवाया है। दोनों आचार्य विद्यासागर महाराज के परम शिष्य है। स्वर्ण रथ धर्मनगरी से नगर भ्रमण कर भारत भ्रमण के लिए निकलेगी। इस रथ की विशेषता यह है कि यह रथ स्वर्गलोक में पाए जाने वाले विमान की तरह है। आचार्य विद्यासागर विश्व के पहले संत बनने जा रहे हैं, जिन्होंने 22 वर्ष की उम्र में दीक्षा लेकर 49  साल पूरे किए और इसी के 50वां वर्ष प्रारंभ हुआ। इस अवसर के लिए चंद्रगिरी में तैयारी हो चुकी है। 
स्टेशन व बस स्टैंड से आने-जाने की व्यवस्था मुफ्त: रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशाला व लॉज से चंद्रगिरि तक जाने के लिए 20 ई-रिक्शा व ऑटो की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। इन तीन दिनों तक रिक्शा व ऑटो में चंद्रगिरि तक लाने व जाने दोनों की सुविधा रहेगी। भव्य आयोजन के लिए नए-नए सामानों की दुकानों सज रही है।



संयम स्वर्ण महोत्सव जुड़ी हर पल की खबर पाने के लिए नीचे दी गई लिंक को आप अपने मोबाइल/टैब/कंप्यूटर/लैपटॉप इत्यादि के ब्राउज़र/गूगल क्रोम/इन्टरनेट आदि में बुकमार्क बनाकर रखे जिससे निरंतर अपडेट होने वाली जानकारियां आपको मिल सके।
प्रतिदिन अपडेट होने वाला पहला जैन ब्लॉग। https://isupportjainism.blogspot.in